सुल्तानपुरः विसर्जन शोभायात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त और डीआईजी ने परखी तैयारियां
October 24, 2026
सुल्तानपुर। बल्दीराय थाना क्षेत्र में 26 अक्टूबर को प्रस्तावित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार और अयोध्या परिक्षेत्र के डीआईजी सोमेन बर्मा ने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की मौजूदगी में बल्दीराय पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विसर्जन रूट, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर बिंदुवार जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विसर्जन मार्गों पर पड़ने वाली मस्जिदों तथा पारा गानापुर और वलीपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों का विशेष रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय धर्मगुरुओं से संवाद कर आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के वातावरण में त्योहार को सकुशल संपन्न कराने की अपील की। इस दौरान दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष बल्दीराय महेश जायसवाल, मुकेश अग्रहरि, भाजपा मंडल अध्यक्ष विशाल जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार, एसडीएम प्रभात सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी बल्दीराय सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त और डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें। किसी भी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था से निपटने के लिए सतर्कता बरतने को कहा गया है।
