Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

यूक्रेन में भरतपुर के कारोबारी की फार्मा फैक्ट्री पर रूसी ड्रोन अटैक, इंजीनियर की मौत


यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध के बीच राजस्थान के भरतपुर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। रूसी सेना ने यूक्रेन के सूमी शहर में भरतपुर के मूल निवासी राजीव गुप्ता की दवा फैक्ट्री पर ड्रोन से हमला कर दिया। इस हमले में फैक्ट्री बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और एक इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि कई कर्मचारी घायल बताए जा रहे हैं।

57 वर्षीय राजीव गुप्ता भरतपुर शहर के रहने वाले हैं और पिछले कई सालों से यूक्रेन में फार्मा कारोबार कर रहे हैं। उनकी कंपनी का नाम कुसुम हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड है। राजीव के चचेरे भाई राजकुमार गुप्ता ने बताया कि 4 अक्टूबर की सुबह फार्मा फैक्ट्री पर हमला हुआ। उस वक्त राजीव गुप्ता राजधानी कीव में थे, इसलिए वे हमले में बच गए। वे सुरक्षित हैं।

जानकारी के मुताबिक राजीव गुप्ता ने पहले भारत से यूक्रेन में दवाओं का आयात शुरू किया था। इसके बाद 2009 में उन्होंने सूमी में खुद की दवा बनाने की फैक्ट्री स्थापित की। उनकी कंपनी 50 से अधिक तरह की जेनेरिक दवाएं बनाती है। कंपनी का नेटवर्क यूक्रेन के साथ-साथ उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, फिलीपींस समेत 9 से ज्यादा देशों तक फैला है। भारत में भी उनकी दो यूनिट हैं, एक भिवाड़ी राजस्थान में और दूसरी इंदौर के पीथमपुर में है।

रूस के हमले में फैक्ट्री की मुख्य बिल्डिंग पूरी तरह नष्ट हो गई है। कंपनी को करीब 400 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। यह फैक्ट्री रूस बॉर्डर से महज 23 किलोमीटर की दूरी पर है। गनीमत रही कि रविवार होने के कारण फैक्ट्री में स्टाफ कम था, नहीं तो जान-माल का नुकसान और बड़ा हो सकता था।

रूस और यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भी यह फैक्ट्री लगातार दवा का उत्पादन कर रही थी, लेकिन अब ड्रोन हमले के बाद इसका संचालन ठप हो गया है। हमले के बाद घटना के बाद इलाके में धुएं के गुबार देखे गए।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने हमले में मारे गए व्यक्ति के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा, '' आज सुबह रूसियों ने एक बार फिर कीव में पिवनिचनी पुल को ड्रोन से निशाना बनाया। उन्होंने सूमी में एक फार्मास्यूटिकल गोदाम पर ड्रोन से हमला किया। दुखद रूप से, इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। मैं उसके परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।'' रविवार को विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने कहा था कि भारत ने यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए केवल कूटनीतिक प्रयासों तक सीमित रहने के बजाय हाल के महीनों में अपनी कोशिशें तेज की हैं और कीव तथा मॉस्को दोनों के साथ बातचीत की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |