शुकुलबाजार: प्रसव के बाद रुपये मांगने का आरोप, जांच टीम गठित
October 01, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पूरे बरजोर, ग्राम पंचायत खालिस बाहरपुर निवासी रामबाबू ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शिकायती पत्र देकर एएनएम पूनम गौतम पर पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी पत्नी का प्रसव सीएचसी में हुआ था। प्रसव के बाद मौजूद एएनएम ने पांच हजार रुपये की मांग की। आर्थिक स्थिति खराब होने पर उसने दो हजार रुपये देने की बात कही, लेकिन आरोप है कि एएनएम ने रुपये लेने से इनकार कर दिया और पांच हजार रुपये न देने पर मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। बाद में कथित तौर पर तीन हजार रुपये लिए गए। रामबाबू ने शिकायत में जन्म प्रमाणपत्र और सरकारी योजनाओं का लाभ रोकने की धमकी देने तथा परिजनों से अभद्रता का भी आरोप लगाया है। शिकायत के बाद समझौते के नाम पर सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का भी दावा किया गया है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय टीम गठित की गई है। निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
