लखनऊ। महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को शहर में चल रही सीएम ग्रिड परियोजना के तहत हो रहे सड़क निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना तय समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने की सख्त हिदायत दीं।
निरीक्षण की शुरुआत में महापौर ने गोल मार्केट से मंदिर मार्ग (कपूरथला) पर चल रहे सड़क निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। काम में सुस्ती पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिशासी अभियंता को कार्य में तेजी लाने और समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोटूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनगणना कार्यालय मार्ग मे सड़क पर निर्माण कार्य लगभग पूरा होने वाला है। महापौर ने बचे हुए फिनिशिंग के कामों को जल्द से जल्द निबटाकर इसे आम जनता के आवागमन के लिए पूरी तरह सुचारु बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सड़कों की निर्माण गुणवत्ता उच्च स्तर की होनी चाहिए ताकि शहरवासियों को लंबे समय तक बेहतर और गड्ढमुक्त सड़कें मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में रहकर प्रोजेक्ट्स की मॉनिटरिंग करने को कहा।
इस दौरान मुख्य अभियंता (सिविल) महेश वर्मा और अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा सहित कई अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
