Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः छात्रवृत्ति में गड़बड़ी मिली तो संस्थानों की तय होगी जिम्मेदारी


ओटीआर अपडेट की सुविधा शुरू, अनुमोदन से पहले प्राचार्यों को करना होगा छात्र-छात्राओं के विवरण और दस्तावेजों का मिलान


बलिया। दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) अपडेट करने की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। इसके बाद संबंधित शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों के अभिलेखों का बारीकी से सत्यापन करना होगा। ओटीआर के अनुमोदन से पहले पहचान, व्यक्तिगत विवरण और दस्तावेजों की शुद्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संस्थानों के प्राचार्यों की होगी।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजन कुमार ने बताया कि अल्पसंख्यक पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को छोड़कर अन्य पिछड़ा वर्ग के दशमोत्तर छात्र-छात्राओं के लिए यह सुविधा छात्रवृत्ति पोर्टल पर उपलब्ध है। जनपद के राजकीय, शासकीय, अर्द्धशासकीय और मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के ओटीआर अपडेट करने के बाद परीक्षण एवं अनुमोदन की प्रक्रिया जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के लॉगिन पर उपलब्ध होगी।

उन्होंने बताया कि अनुमोदन से पहले संबंधित संस्थानों के प्राचार्यों को विद्यार्थियों की पहचान और व्यक्तिगत विवरणों का सत्यापन करना होगा। दर्ज सूचनाओं का उपलब्ध अभिलेखों से मिलान करने के साथ डुप्लीकेट पंजीकरण और संशोधित प्रविष्टियों की भी जांच करनी होगी। किसी प्रकार की विसंगति, अपूर्णता या संदिग्ध प्रविष्टि मिलने पर उसका निराकरण कराना आवश्यक होगा।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि संदिग्ध अथवा त्रुटिपूर्ण मामलों में संबंधित विद्यार्थियों के अभिलेख उपलब्ध कराते हुए विभागीय नियमों के अनुसार अनुमोदन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेताया कि भविष्य में किसी छात्र-छात्रा के ओटीआर या छात्रवृत्ति से संबंधित त्रुटियां सामने आने पर संबंधित शिक्षण संस्थान का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।

विभाग की इस व्यवस्था का उद्देश्य छात्रवृत्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना, अभिलेखों में त्रुटियों को रोकना और पात्र विद्यार्थियों के आवेदन का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करना है। ऐसे में संस्थानों को ओटीआर अपडेट के बाद प्रत्येक प्रविष्टि की जांच गंभीरता से करनी होगी, ताकि गलत विवरण के कारण छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया प्रभावित न हो।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |