Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः सीएचसी पंदह में बेटियों के जन्म पर बंटी खुशियां, नवजात बालिकाओं को मिली बेबी किट! बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत कन्या जन्मोत्सव का आयोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक


बलिया। बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पंदह में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। महिला कल्याण विभाग की ओर से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में नवजात बालिकाओं और उनकी माताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान बच्चियों को बेबी किट, कपड़े, डायपर, मच्छरदानी और मिष्ठान वितरित कर उनके जन्म की खुशियां साझा की गईं।

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश और जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र कुमार पौत्स्यायन के मार्गदर्शन में महिला कल्याण विभाग के हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वीमेन (एचईडब्ल्यू) के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं के परिजनों को उनके बेहतर भविष्य के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षा की समान सुविधाएं उपलब्ध कराना परिवार के साथ ही पूरे समाज की जिम्मेदारी है। बालिकाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन देकर ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही बेटा-बेटी में भेदभाव समाप्त करने और बालिकाओं के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने का संदेश दिया गया। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मंजीत, डीएमसी अंजली सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट निकिता सिंह, पूनम राजभर, सुमेश कुमार सहित स्टाफ नर्स, एएनएम, आशा कार्यकर्ता और अस्पताल के अन्य चिकित्साकर्मी मौजूद रहे। सभी ने नवजात बालिकाओं और उनके परिजनों को शुभकामनाएं देते हुए बेटियों के सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण का संकल्प दोहराया।

कन्या जन्मोत्सव के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेटियां परिवार की खुशियों के साथ समाज के उज्ज्वल भविष्य की भी आधारशिला हैं। उनके जन्म का स्वागत, बेहतर परवरिश और समान अवसर सुनिश्चित करना ही एक सशक्त एवं समतामूलक समाज की दिशा में सार्थक पहल है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |