लखनऊः श्री राम जानकी परिवार के प्रदेश मंत्री रवि गांधी ने फैजुल्लागंज में बाढ़ प्रभावित बेजुबान जानवरों के लिए चलाया सेवा अभियान! गौवंश और वानरों को कराया भोजन, बाढ़ प्रभावित लोगों तक भी पहुंचाई राहत सामग्री
October 12, 2026
लखनऊ। फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बेजुबान जानवरों की सहायता के लिए श्री राम जानकी परिवार के प्रदेश मंत्री एवं समाजसेवी रवि गांधी के नेतृत्व में विशेष सेवा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत टीम रवि गांधी ने गौवंश, वानरों और अन्य बेसहारा पशुओं को भोजन उपलब्ध कराया। साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों को पानी की बोतलें, भोजन के पैकेट, पूरी-सब्जी और वेज बिरयानी सहित अन्य राहत सामग्री वितरित की गई। अभियान के दौरान पशुओं के लिए चूनी, चोकर, पपीता, तरबूज, केला, गुड़, आलू, पूरी सहित विभिन्न खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई। बाढ़ के कारण प्रभावित क्षेत्र में पशुओं के सामने भोजन और पानी की समस्या को देखते हुए टीम ने उनकी जरूरतों के अनुसार सहायता पहुंचाई। श्री राम जानकी परिवार के प्रदेश मंत्री रवि गांधी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए अनेक लोग और संस्थाएं आगे आ रही हैं, लेकिन बेजुबान जानवर अपनी पीड़ा किसी से कह नहीं सकते। ऐसे कठिन समय में उनकी सुध लेना और उनके लिए भोजन-पानी की व्यवस्था करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा है और बेजुबान जीवों की सेवा भी मानवता एवं करुणा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। रवि गांधी ने बताया कि टीम की ओर से बेजुबान जानवरों को भोजन उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पड़ने पर उनके उपचार में भी सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सेवा अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि आपदा के समय जरूरतमंद लोगों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की सहायता के लिए भी आगे आएं। उन्होंने कहा कि जीवों के प्रति दया, करुणा और सेवा की भावना ही सच्ची मानवता की पहचान है। इस सेवा अभियान में अमित गुप्ता (विनायक फैशन), अनुज गुप्ता, धर्म सिंह एडवोकेट, अमर सोनी, जावेद, कपिल शुक्ला, अंशु द्विवेदी, हिमांशु गर्ग, शुभम बाजपेयी, सुमित शुक्ला, कमलेश यादव, आमिर खान, ठाकुर श्रवण सिंह, लवी अरोड़ा सहित टीम के अन्य सहयोगी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों और बेजुबान जानवरों तक भोजन एवं राहत सामग्री पहुंचाने में सहयोग किया।
