जगदीशपुर: दो सड़क हादसों में तीन की मौत, परिवारों में मचा कोहराम
October 24, 2026
जगदीशपुर/अमेठी। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के कादू नाला के पास हाईवे पर हुई, जहां तेज रफ्तार निजी बस की टक्कर से बाइक सवार दो बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी घटना कमरौली थाना क्षेत्र में अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर सिरियारी गांव के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कादू नाला के निकट हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही एक निजी बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार विक्रम (65) निवासी जीतपुरे बाबा, भेटुआ तथा सूर्य नारायण पांडेय (60) निवासी तेवरहा बरसानी, अमेठी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के अयोध्या-रायबरेली मार्ग पर सिरियारी गांव के पास हुई। यहां बाइक से जा रहे प्रदीप सिंह निवासी धनपतगंज, जिला सुल्तानपुर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत से उनके परिजनों में शोक छा गया। सूचना मिलने पर संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, तीनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। हादसों के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
