हाईस्कूल मे 94.43 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश मे किया उत्कृष्ट प्रदर्शन जनसुनवाई मे संवेदनशीलता और प्रशासनिक कार्यशैली का किया अनुभव
कन्नौज। मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने उनमे नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने की पहल के अंतर्गत गुरसहायगंज जनपद कन्नौज निवासी प्रेम नारायण दीक्षित की सुपुत्री सृष्टि ने एक दिन के लिए जनपद की जिलाधिकारी का पदभार ग्रहण किया। हाईस्कूल की परीक्षा मे 94.43 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सृष्टि के लिए यह अवसर गौरव प्रेरणा और उत्साह से परिपूर्ण रहा। एक दिन की जिलाधिकारी के रूप मे उन्होंने न केवल प्रशासनिक कार्यों को समझा बल्कि जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत सृष्टि ने जनता दर्शन मे आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान फरियादी श्रीमती निशा पत्नी प्रदीप ने देवीय आपदा के कारण अपना आवास क्षतिग्रस्त हो जाने की समस्या बताते हुए मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर सृष्टि ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रकरण की जांच कराते हुए पात्रता के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसी क्रम मे फरियादी धीरेन्द्र द्वारा वारिसान प्रमाण पत्र बनवाने का अनुरोध किया गया। सृष्टि ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों के माध्यम से वारिसान प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया। प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर फरियादी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया।
वहीं छिबरामऊ निवासी फरियादी दीपक कुमार द्वारा सफाईकर्मी दीपक बाबू के संबंध मे शिकायत प्रस्तुत की गई। इस पर सृष्टि ने संबंधित अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद छिबरामऊ को प्रकरण की जांच कराते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान श्रीमती जहानवती ने अपनी अधिक आयु एवं खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अपने पुत्र यज्ञ दत्त जो तहसील तिर्वा मे राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं का स्थानांतरण तहसील छिबरामऊ किए जाने का अनुरोध किया। सृष्टि ने उनकी समस्या को संवेदनशीलता से सुनते हुए तत्काल संज्ञान लिया तथा उपलब्ध विवरण के अनुसार स्थानांतरण आदेश पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने श्रीमती जहानवती को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और आश्वस्त किया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक संवेदनशीलता एवं सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर जनपद मे आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। ग्राम पंचायत बस्ता विकासखंड उमर्दा तथा ग्राम पंचायत द्वारिकापुरी विकासखंड छिबरामऊ मे अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण हेतु प्रति स्थल ₹24.36 लाख की दर से कुल ₹48.72 लाख की धनराशि के प्रस्ताव को अनुमोदन प्रदान किया गया। इससे संबंधित ग्राम पंचायतों मे अंत्येष्टि स्थलों की सुविधा विकसित करने मे सहायता मिलेगी।
एक दिन की जिलाधिकारी बनने के अनुभव को साझा करते हुए सृष्टि ने कहा कि यह क्षण उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के पद पर रहते हुए जनसामान्य की समस्याओं को सुनने उनके समाधान की प्रक्रिया को समझने तथा प्रशासनिक दायित्वों का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी महोदय से उन्हें अच्छा मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है जिससे उन्हें भविष्य मे अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत सांकेतिक के रूप से एक दिन के लिए सृष्टि को जिलाधिकारी बनाया गया। उन्होंने आशीर्वाद देते हुए कहा कि सृष्टि का यह अनुभव न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि को नई दिशा देने वाला है बल्कि जनपद के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। यह पहल विद्यार्थियों मे आत्मविश्वास नेतृत्व क्षमता सामाजिक संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
