लखनऊ। बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित फैजुल्लागंज में जनजीवन को सामान्य बनाने और प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से महापौर सुषमा खर्कवाल ने क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्थायी महापौर कैंप कार्यालय में राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की तथा स्थानीय नागरिकों और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।महापौर ने नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों एवं नगर निगम के अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करने के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।महापौर ने प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक दवाओं के स्टॉक का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए और किसी भी स्थिति में उनकी कमी न होने पाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर दवाएं मिल सकें।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए तथा स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नियमित रूप से चूना एवं कीटनाशक का छिड़काव कराने और सघन फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि जलभराव के बाद मच्छरों के प्रकोप और संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।महापौर ने कहा कि बाढ़ एवं जलभराव से प्रभावित नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके जीवन को सामान्य बनाने में सहयोग करना नगर निगम की प्राथमिकता है। अस्थायी कैंप कार्यालय के माध्यम से स्थानीय निवासियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है, जिससे राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाई जा सके।
