Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा के लिए बीजेपी के आठ उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया


उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में सभी 10 उम्मीदवारों का चयन निर्विरोध होने के आसार हैं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आठ उम्मीदवारों ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। भाजपा के आठों उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में निर्वाचन अधिकारी अजीत वर्मा के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए। इन उम्मीदवारों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से उत्तर प्रदेश के मंत्री धर्मपाल सिंह (लोध), ओबीसी प्रकोष्ठ के राज्य प्रमुख प्रकाश पाल (पाल) और श्रुति गंगवार (कुर्मी), अनुसूचित जाति से विद्यासागर सोनकर और प्रियंका रावत, ब्राह्मण समुदाय से राधाकांत ओझा और गोपी कृष्ण पांडे तथा क्षत्रिय समुदाय से राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं।

निर्वाचन अधिकारी वर्मा ने कहा, ''सभी उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र के दो-दो सेट दाखिल किए हैं। प्रत्येक सेट के साथ प्रस्तावक के तौर पर 10 विधायकों के हस्ताक्षर हैं।'' समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज के अधिकारी धनराज परिमल नाथवानी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। हालांकि, ऐसी अटकलें थीं कि समाजवादी पार्टी मुकाबला कराने के लिए तीसरा उम्मीदवार उतार सकती है, लेकिन सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस पर स्थिति स्पष्ट कर दी। अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, ''अब हमारा ध्यान तीन पर नहीं, बल्कि 403 पर है।'' अखिलेश यादव मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राजधानी दिल्ली में हैं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, ''बात साफ है। सपा ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार मान ली है।'' मंगलवार को राज्यसभा की 10 सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। अगर अंतिम समय में कोई बदलाव नहीं हुआ तो सभी 10 उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने की संभावना है। बीजेपी के सभी उम्मीदवार पहले विधानसभा के सामने स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच वे नामांकन दाखिल करने के लिए रवाना हुए।

भाजपा के आठ उम्मीदवारों में दो महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसके जरिए भाजपा ने जातिगत और क्षेत्रीय संतुलन साधने का एक सुनियोजित प्रयास किया है। इससे संकेत मिलता है कि 2027 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले ये नाम काफी मंथन के बाद तय किए गए हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद प्रकाश पाल ने कहा, ''भाजपा के उम्मीदवारों का चयन दर्शाता है कि केवल भाजपा ही वास्तव में 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का सम्मान करती है। सपा का 'पीडीए' का विमर्श पूरी तरह फर्जी है और 2027 के विधानसभा चुनाव इसे साबित कर देंगे।'

इससे पहले खबर सामने आई थी कि UP राज्यसभा चुनाव में BJP ने 8 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। इस दौरान ये पता लगा था कि धर्मपाल सिंह को मौका दिया गया और हरदीप सिंह पुरी का पत्ता कट गया था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |