Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः एक नवंबर को लगेगा मेगा शिविर, पात्र लाभार्थियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ! विधिक सेवा शिविर की तैयारी तेज, जनपद न्यायाधीश ने दिए निर्देश


बलिया। विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया के तत्वावधान में एक नवंबर को मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा की अध्यक्षता में समन्वय बैठक हुई। इसमें जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जनपद न्यायाधीश अनिल कुमार झा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर से पहले छोटे स्तर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं। इसके साथ ही कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर आम लोगों को इसकी जानकारी दी जाए, ताकि पात्र लाभार्थी शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

उन्होंने बताया कि एक नवंबर, रविवार को गंगा बहुउद्देशीय कलेक्ट्रेट सभागार, बलिया में आयोजित होने वाले इस मेगा शिविर में समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा। इसमें निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन व्यक्ति, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों को विशेष रूप से लाभ पहुंचाने पर जोर रहेगा।

शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना और विश्वकर्मा सम्मान योजना सहित किसानों एवं दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं तथा विभिन्न विभागों की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर के सफल आयोजन के लिए समय से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। साथ ही अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं, जिससे अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग शिविर से लाभान्वित हो सकें। बैठक में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) प्रथम कान्त, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एएस राय, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी कल्पना मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा, सीओ सदर अक्षय कुमार सहित जिला दिव्यांग कल्याण अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |