Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः डीएम और एसपी ने जगदीशपुर में किया फ्लैग मार्च, दशहरा मेला व रामलीला स्थल की सुरक्षा व्यवस्था परखी


असामाजिक तत्वों पर सतर्क नजर रखने और ड्यूटी में पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश, नागरिकों से शांति एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील


अमेठी। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चैधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने मंगलवार को जनपद भ्रमण के दौरान जगदीशपुर कस्बे में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने दशहरा मेला एवं रामलीला स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मेला एवं रामलीला स्थल पर श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा इंतजामों के साथ ही अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता का भी जायजा लिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही मेला एवं रामलीला स्थल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने पर जोर दिया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और युवाओं से संवाद स्थापित कर दशहरा पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी लोग आपसी सद्भाव बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि किसी को कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है या शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका होती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा दशहरा पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन बिना किसी भय के त्योहार मना सकें और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना नीतेश राज, क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह, तहसीलदार मुसाफिरखाना राहुल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |