प्रतापगढः द्वारिकाधीश का अवतार सत्य के धर्म पालन की है सीख- सर्वेशपति त्रिपाठी
October 25, 2026
लालगंज/प्रतापगढ़। खालसा सादात के पण्डित का पुरवा में हो रही श्रीमदभागवत कथा में रविवार को भगवान श्रीकृष्ण के लोकावतार की कथा सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध दिखे। व्यासपीठ के पूजन अर्चन के बाद कथा को आगे बढ़ाते हुए कथाव्यास राजगुरू सर्वेशपति त्रिपाठी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जगत में हुई लीला नीति और धर्म के पालन की हमें सीख दिया करती है। उन्होने कहा कि द्वारिकाधीश ने जगत को सत्य के धर्म की रक्षा के कर्तव्य पालन का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होने कहा कि भगवान का प्रतिफल उसे ही मिला करता है जिसका जीवन सदाचरण में हुआ करता है। कथाव्यास ने कहा कि श्रीमदभागवतगीता मनुष्य के कर्म साधना का पथ प्रदर्शक ग्रन्थ है। कथा के दौरान भक्ति संगीत में भी श्रद्धालु भगवान के नाम के जाप में मगन दिखे। यजमान कमला देवी व त्रिलोचन प्रसाद ने व्यासपीठ का पूजन अर्चन किया। इस मौके पर राकेश पाण्डेय, ज्ञानप्रकाश शुक्ल, दिनेश पाण्डेय, अनिल महेश, राजेश कुमार, बृजेश कुमार, अभिषेक, सरिता, रीता, रक्षा, सृष्टि आदि मौजूद रहे।
