अमेठीः फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
October 13, 2026
अमेठी। पीपरपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव में मंगलवार सुबह 23 वर्षीय विवाहिता का शव घर की छत पर कॉलम से साड़ी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवाहिता की मां ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की पहचान रोशनी के रूप में हुई है। वह बासूपुर, बसहूं गांव की रहने वाली थी। करीब एक साल पहले उसने हीरापुर निवासी राहुल कुमार से प्रेम विवाह किया था। राहुल सटरिंग का काम करता है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार को परिवार कालिकन धाम में आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने गया था। वहां से लौटने के बाद पति-पत्नी के बीच कहासुनी होने की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मंगलवार सुबह रोशनी का शव छत पर लटका मिलने की सूचना पर डायल-112 और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
