Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

केबीसी के सेट पर रणबीर कपूर संग अमिताभ बच्चन की मस्ती, साईं पल्लवी-रवि दुबे भी पहुंचे साथ



नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' 5 नवंबर को दिवाली के मौके पर दुनिया भर में रिलीज होने के लिए तैयार है। 'रामायण' के लिए एडवांस बुकिंग भी आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है और दर्शकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। एडवांस बुकिंग में ही अब तक 'रामायण' की कमाई 8 करोड़ के पार पहुंच गई है, जबकि अभी भी इसे रिलीज होने में 10 दिन बाकी हैं। फिल्म के पोस्टर्स, गानों और ट्रेलर ने पहले ही काफी चर्चा बटोर ली है। अब फिल्म की रिलीज से पहले फिल्म की कास्ट रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किए जाने वाले क्विज़ शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) 18 के एक खास दिवाली एपिसोड में नजर आएंगे।

हाल ही में सोनी लिव (Sony LIV) ने शो का नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे को स्टेज पर अमिताभ बच्चन के साथ देखा जा सकता है। प्रोमो में अमिताभ बच्चन को साई पल्लवी, रणबीर कपूर और रवि दुबे से बातचीत करते देखा जा सकता है। एपिसोड में रणबीर, बिग बी से उनकी दिवाली से जुड़ी बचपन की यादों के बारे में भी सवाल करते नजर आ रहे हैं। रणबीर पूछते हैं कि 'क्या आपकी दिवाली से जुड़ी कोई याद है?' जवाब में बिग बी कहते हैं - 'दिवाली की बस यही याद है कि हमें लगता था कि अगर बगल वाले के यहां बम फटा है तो हमारा बम की आवाज उससे तेज होनी चाहिए।' ये सुनते ही सभी लोग हंसने लगते हैं।

KBC 18 के दिवाली स्पेशल एपिसोड में 'रामायण' की कास्ट नजर आएगी। ये एपिसोड 29 और 30 अक्टूबर 2026 को रात 9 बजे सोनी टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर प्रसारित होंगे। यह खास एपिसोड ऐसे समय में आ रहा है जब 'रामायण' की रिलीज को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह काफी ज्यादा बढ़ चुका है। फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे क्रमशः राम, सीता और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। KBC 18 में उनकी मौजूदगी फिल्म के दिवाली प्रमोशन को और बढ़ावा देगी। प्रोमो शेयर करते हुए, सोनी लिव ने लिखा, ''रामायण' की कास्ट के साथ दिवाली स्पेशल! देखिए 'कौन बनेगा करोड़पति', 29-30 अक्टूबर, गुरुवार-शुक्रवार रात 9 बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट और सोनी लिव पर।'

नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित, दो भागों वाली इस पौराणिक महाकाव्य फिल्म 'रामायण' को नमित मल्होत्रा ​​के 'प्राइम फोकस स्टूडियोज़' ने DNEG और यश के 'मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स' के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म की पटकथा (स्क्रीनप्ले) श्रीधर राघवन ने वाल्मीकि के महाकाव्य से तैयार की है। फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार हंस ज़िमर और ए.आर. रहमान ने दिया है। 'रामायण' का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने वाला है। इस फिल्म में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, रवि दुबे और सनी देओल के साथ अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, काजल अग्रवाल, सौरभ सचदेवा और फैसल मलिक जैसे सितारे नजर आएंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |