गड़वार ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं- बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
बलिया। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने और महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए बलिया पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शनिवार को शारदीय नवरात्र के अवसर पर गड़वार ब्लॉक में आयोजित कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम, पारिवारिक विवादों के निस्तारण और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों और विभागीय प्रतिनिधियों ने बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना एएचटी बलिया तथा थाना गड़वार की मिशन शक्ति टीम ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। साथ ही इस सामाजिक कुरीति को रोकने के लिए परिवार और समाज की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में महिला सहायता प्रकोष्ठ की प्रभारी उपनिरीक्षक वीनेश, आरक्षी कृष्णमोहन, थाना एएचटी के थानाध्यक्ष रतनलाल पाठक, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य अजहर, रतनलाल पाठक सहित संबंधित टीम के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दीवानी न्यायालय बलिया से राजीव शास्त्री और विमलेश कुमार, जिला प्रोबेशन कार्यालय से पूनम, महिला समाज कल्याण विभाग से अंजली सिंह तथा दीवानी न्यायालय बलिया के अधिवक्ता संजय सिंह ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को बाल विवाह की रोकथाम, पारिवारिक विवादों के समाधान और महिलाओं-बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। बलिया पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के साथ बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के लिए मिशन शक्ति अभियान के तहत निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
