बलिया। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए बलिया पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला चैपालों का आयोजन कर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इस दौरान पंपलेट वितरित कर उन्हें किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर जिले के सभी थानों की महिला सुरक्षा एवं मिशन शक्ति टीमों ने विद्यालयों, कस्बों, गांवों, ग्राम पंचायतों, बाजारों, मंदिरों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। चैपालों में महिलाओं और बालिकाओं को आत्मसम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न करने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा समाज में सम्मानजनक स्थान सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और आयुष्मान भारत योजना की जानकारी भी दी गई।
जिले की एंटी रोमियो टीमों ने छात्राओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि यदि किसी परिचित या अपरिचित व्यक्ति का व्यवहार असहज करने वाला हो अथवा उसके स्पर्श से परेशानी महसूस हो तो तत्काल वहां से हटकर अभिभावक, शिक्षिका या पुलिस को इसकी जानकारी दें। पुलिस टीम ने सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने और साइबर ठगी से बचने के उपाय भी बताए। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या छेड़छाड़ की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन अथवा मिशन शक्ति टीम से संपर्क करने की अपील की गई।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर एंटी रोमियो टीमों ने धार्मिक स्थलों, कोचिंग सेंटरों, पार्कों, विद्यालयों के बाहर और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। आवश्यकतानुसार उन्हें चेतावनी देते हुए नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
बलिया पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सुरक्षित वातावरण तैयार करने के साथ जनसहभागिता को मजबूत करना है।
