लखनऊ कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों के अवैध चेंबर्स पर बुलडोजर एक्शन, सड़क पर लेटे अधिवक्ता
October 25, 2026
यूपी की राजधानी लखनऊ में रविवार को बुलडोजर एक्शन हो रहा है। लखनऊ के कैसरबाग स्थित सिविल और जिला कोर्ट परिसर के बाहर वकीलों के अवैध चेंबर्स को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, नगर निगम के बुलडोजर अवैध चेंबर्स को ध्वस्त कर रहे हैं। चेंबर्स तोड़ने का विरोध करते हुए कई वकील सड़कों पर लेट गए। कार्रवाई के मद्देनजर कचहरी के आसपास भारी पुलिस तैनात है।
पुलिस ने बताया कि पीएसी के साथ कई थानों की फोर्स तैनात की गई है। एडीसीपी, एसीपी समेत नगर निगम के अधिकारी मौजूद हैं। कोर्ट के आदेश पर नगर निगम ये कार्रवाई कर रहा है। नगर निगम ने 211 चैंबरों को गिराने के लिए चिह्नित किया था।
इससे पहले वकील हाई कोर्ट में नगर निगम के खिलाफ अपील लेकर पहुंचे थे, जिसे खारिज कर दिया गया था। मई से अगस्त के बीच दो बार में 72 अवैध चैंबर तोड़े जा चुके हैं। इसके पहले नोटिस के खिलाफ आईं 14 आपत्तियों पर समाधान भी दे दिया गया है। प्रस्तावित अभियान 11 अक्तूबर को होना था लेकिन आपत्तियों के निपटारे और कोर्ट में अपील लंबित होने के कारण इसे टाल दिया गया था।
