सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हेल्दी बेबी कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व लाभार्थियों का सम्मान, जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान
पीलीभीत। स्वायत्त राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत हेल्दी बेबी कार्यक्रम एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा लाभार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर एवं 128 विधानसभा बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने बतौर मुख्य अतिथि सहभागिता करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और बेहतर भविष्य को लेकर सरकार की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि स्वस्थ बचपन ही विकसित और सशक्त भारत की वास्तविक नींव है।
स्वामी प्रवक्तानंद महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी देश का भविष्य उसकी आने वाली पीढ़ी से तय होता है। यदि बच्चे स्वस्थ, सुपोषित और शिक्षित होंगे तो निश्चित रूप से देश मजबूत होगा। इसलिए बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गांव और गरीब परिवारों तक पहुंचकर बच्चों तथा माताओं के स्वास्थ्य और पोषण की जानकारी देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने जनकल्याण को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सुशासन, सुरक्षा और विकास के साथ गरीब, महिला और बच्चों के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। डबल इंजन सरकार की योजनाओं का उद्देश्य यही है कि सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि पात्र परिवारों के घर तक पहुंचे।
स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा और समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। समाज के कमजोर वर्गों की मदद करना, बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता करना और जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही वास्तविक जनसेवा है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उनका काम केवल केंद्र तक सीमित नहीं है, बल्कि वे ग्रामीण परिवारों में स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता पैदा करने वाली महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
उन्होंने कहा कि हेल्दी बेबी कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। ऐसे आयोजनों से अभिभावकों में भी बच्चों के खानपान, स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और संतुलित पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ बच्चों के चयन एवं प्रोत्साहन के साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि कुपोषण की समस्या से निपटने के लिए सरकार की योजनाओं के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है। गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देकर आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ बनाया जा सकता है।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, जिला मंत्री सत्यपाल वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी अभिमन्यु गंगवार, मंडल अध्यक्ष प्यारेलाल कश्यप, मंडल प्रभारी हर्षित चैधरी, हरिराम सोनकर, हरेंद्रपाल सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, लाभार्थी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
