पीलीभीत। शहर से सटी पॉश अवध नगर कालोनी में बदहाल सड़क और पार्क के लिए खाली पड़ी जमीन कालोनीवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क की हालत लंबे समय से जर्जर होने के कारण बारिश में यहां जलभराव हो जाता है, जबकि पार्क के लिए आरक्षित खाली भूमि विकसित न होने से लोगों ने वहां अराजक तत्वों के जमावड़े और शराबखोरी का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कालोनीवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सड़क निर्माण और पार्क विकसित कराने की मांग की है।
अवध नगर कालोनी से रेशम उद्योग, बैकलॉग दफ्तर होते हुए टनकपुर हाईवे को जोड़ने वाला मार्ग लंबे समय से बदहाल है। इसी रास्ते पर दो लाइब्रेरी, वीरांगना बालिका इंटर कॉलेज समेत कई महत्वपूर्ण स्थान हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, नौकरी-पेशा लोग और कालोनीवासी इस मार्ग से गुजरते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बारिश होते ही इस मार्ग की स्थिति और भी खराब हो जाती है। सड़क पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते और पूरा रास्ता तालाब जैसा नजर आने लगता है। पैदल निकलने वाले बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए स्थिति सबसे ज्यादा मुश्किल हो जाती है। पानी में छिपे गड्ढों के कारण हादसे का खतरा भी बना रहता है। कालोनीवासियों का कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी होने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
कालोनी में पार्क के लिए खाली पड़ी जमीन भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कालोनीवासियों का आरोप है कि भूमि विकसित न होने के कारण वहां बाहरी लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। आए दिन शराबखोरी होने से आसपास रहने वाले परिवारों, महिलाओं और बच्चों को असहज माहौल का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि यहां पार्क विकसित कर दिया जाए तो जमीन का सदुपयोग होने के साथ ही कालोनी का वातावरण भी बेहतर होगा।
कालोनीवासियों ने जिलाधिकारी से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर जल्द निर्माण कराने तथा पार्क के लिए खाली पड़ी भूमि पर पार्क विकसित कर उसका सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं पार्क विकसित होने से कालोनी में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सकेगा। प्रार्थना पत्र देने वालों में संदीप त्रिवेदी, मोहित द्विवेदी, गेदन लाल एडवोकेट, स्वामी जी, बंटी, अभिषेक, आदेश, शुभम मिश्रा, अमरनाथ ठाकुर, मोनू शर्मा आदि कालोनीवासी शामिल रहे।
