Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊ: उपभोक्ता देवो भवरू के स्लोगन को चरितार्थ करने के साथ शत-प्रतिशत राजस्व वसूली का लक्ष्य- मुख्य अभियंता रामकुमार


अमौसी जोन में विद्युत व्यवस्था सुचारू रखने, त्रुटिपूर्ण बिलों में सुधार और बड़े बकायेदारों से वसूली तेज करने के निर्देश


लखनऊ। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लेसा  के अमौसी जोन में शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को हासिल करने और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मुख्य अभियंता रामकुमार ने स्पष्ट किया कि ‘उपभोक्ता देवो भव’ के स्लोगन को चरितार्थ करना और निर्धारित राजस्व वसूली के लक्ष्य को प्राप्त करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसी क्रम में मुख्य अभियंता रामकुमार ने अमौसी जोन के अधीक्षण अभियंता कॉमर्शियल अविनाश सिंह तथा अधीक्षण अभियंता तकनीकी ब्रह्मपाल के साथ बैठक कर विद्युत आपूर्ति एवं राजस्व वसूली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे और किसी भी स्थिति में अनावश्यक रूप से विद्युत आपूर्ति बाधित न होने पाए। इसके साथ ही निर्धारित राजस्व वसूली के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के तहत काम किया जाए।

मुख्य अभियंता ने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं की त्रुटिपूर्ण बिलिंग से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। बिलों में सुधार की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और राजस्व संग्रह की प्रक्रिया भी प्रभावित न हो।

उन्होंने बड़े बकायेदारों पर विशेष निगरानी रखने तथा उनसे संपर्क कर बकाया बिल जमा कराने की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। बड़े व्यावसायिक विद्युत संयोजनों की खपत और विद्युत आपूर्ति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि वास्तविक खपत के अनुरूप बिलिंग तथा राजस्व संग्रह की स्थिति पर नजर रखी जा सके।

मुख्य अभियंता ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से फोन के माध्यम से संपर्क स्थापित कर उन्हें बकाया बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए। इस कार्य में अन्य कार्मिकों को भी लगाया जाए, ताकि राजस्व वसूली अभियान को गति मिल सके और निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जा सके।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली के दौरान किसी भी उपभोक्ता के साथ अभद्र व्यवहार नहीं होना चाहिए। विभागीय कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ शालीनता से पेश आएं और उनकी समस्याओं का समाधान करते हुए राजस्व संग्रह सुनिश्चित करें।

मुख्य अभियंता रामकुमार ने राजस्व चोरी अथवा विद्युत चोरी के मामले सामने आने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सजगता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी कदम उठाए जाएं, जिससे विभाग को होने वाले राजस्व नुकसान पर अंकुश लगाया जा सके।

बैठक के दौरान मुख्य अभियंता ने बिचैलियों एवं अराजक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं से कथित लेनदेन, अनुचित गतिविधियों और भ्रामक प्रचार के कारण विभाग की छवि धूमिल होने की आशंका रहती है। ऐसे मामलों में सतर्कता बरती जाए और विभागीय छवि तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

उपभोक्ता संतुष्टि, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पारदर्शी कार्यप्रणाली और शत-प्रतिशत राजस्व वसूली इन सभी लक्ष्यों को साथ लेकर विभागीय कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |