डीएम ने की जनशिकायतों की समीक्षा, असंतुष्ट फीडबैक वाले विभागों को कार्यशैली में सुधार लाने के दिए निर्देश।
अमेठी। जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल शिकायतों का निस्तारण दर्ज कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से उन विभागों के कार्यों पर ध्यान केंद्रित किया, जहां से शिकायतों के निस्तारण के संबंध में सर्वाधिक असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में आवश्यक सुधार लाएं तथा प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी दी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उसकी समस्या का संतोषजनक समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक देरी अथवा औपचारिकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराएं, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
