Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी में चलती नाव से उठीं आग की लपटें, 6 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया गया


मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक नाव में अचानक भीषण आग लग गई। हादसा ओंकारेश्वर थाना क्षेत्र के गोमुख घाट के सामने हुआ। आग नाव में लगे पेट्रोल इंजन में लगी थी। गनीमत रही कि नाविक ने घबराने के बजाय नाव में सवार सभी 6 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित दूसरी नाव में पहुंचा दिया।

जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे गोमुख घाट के सामने हुई। नाव क्रमांक 198 नर्मदा नदी में यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान नाव में लगे होंडा कंपनी के पेट्रोल इंजन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते इंजन से आग की लपटें उठने लगीं। आग लगने के बाद नाव में बैठे यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

नाविक ने स्थिति को तुरंत संभाला और बिना समय गंवाए सभी छह यात्रियों को दूसरी नाव में सुरक्षित शिफ्ट कर दिया। इसके बाद यात्रियों को सुरक्षित घाट तक पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

बताया जा रहा है, कि पिछले कुछ महीनों में ओंकारेश्वर के ब्रह्मपुरी घाट समेत अन्य घाटों पर भी नावों में आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर नावों की सुरक्षा और उनके इंजन की जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

बता दें कि नर्मदा में रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक नावों से आवागमन करते हैं। ऐसे में छोटी सी तकनीकी खराबी भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। आज हुई इस घटना में नाविक की सूझबूझ से जनहानि टल गई, लेकिन घटना ने नाव संचालन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित जांच पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद की सीएमओ मोनिका पारधी ने नाव के इंजन को तत्काल जब्त करने के निर्देश दिए हैं। नगर परिषद की टीम अब नाव में आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद यह भी स्पष्ट होगा कि इंजन में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

वहीं, एक अन्य मामले में हाल ही में ग्वालियर से भोपाल जा रही बस में इतनी भीषण आग लगी कि बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई। इस बस में जब आग लगी, तब करीब 25 यात्री उसमें सवार थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |