अमेठीः जनगणना-2027! 3650 प्रगणक और 615 पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी
October 27, 2026
अमेठी। जनगणना-2027 को लेकर अमेठी में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जनसंख्या की गणना को सटीक और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में 3650 प्रगणक और 615 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इन कार्मिकों को 68 फील्ड ट्रेनरों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गौरीगंज में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए प्रत्येक कार्मिक निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी गंभीरता और सावधानी से काम करे। परिवारों से प्राप्त सूचनाओं को सही तरीके से दर्ज किया जाए, ताकि आंकड़ों में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्मिकों को जनगणना संबंधी नियमों और प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। इस दौरान नागरिक मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को परिवारों से जानकारी जुटाने, निर्धारित प्रारूप में विवरण दर्ज करने और आवश्यक सूचनाओं को छूटने से बचाने के तरीके बताए जा रहे हैं। वहीं, पर्यवेक्षकों को प्रगणकों के कार्यों की निगरानी करने, समस्याओं का समाधान कराने और समयसीमा में कार्य पूरा कराने की जिम्मेदारी समझाई जा रही है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी कार्मिक अपने दायित्वों को समझकर कार्य करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, आईटीआई प्रधानाचार्य शिवाकांत द्विवेदी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
