अमेठीः दीपावली से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाइयों के नमूने लिए
October 27, 2026
अमेठी। दीपावली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजारों में जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को जिलाधिकारी शशांक चैधरी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने भादर, दुर्गापुर, रामगंज, छीड़ा और ढेमा बाजार में मिठाई की दुकानों, होटल और ढाबों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय सतीश कुमार शुक्ला के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके चैहान और पूजा गुप्ता शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के क्रम में भी संबंधित प्रतिष्ठानों की जांच की गई। दुर्गापुर स्थित रमेश स्वीट्स एवं फैमिली रेस्टोरेंट से राजभोग मिठाई का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। भादर स्थित कन्हैया स्वीट्स और रामसागर की मिठाई की दुकानों पर रंगीन मिठाई और रंगीन खिलौने बेचने पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। रामगंज स्थित खुशी स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट में साफ-सफाई संबंधी कमियां मिलने पर संचालक शिव कुमार को सुधार सूचना जारी की गई। छीड़ा और ढेमा बाजार में ढाबों तथा अनिल की मिठाई की दुकान का भी निरीक्षण किया गया। यहां पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना सभी प्रतिष्ठान संचालकों की जिम्मेदारी है। कमियां दूर नहीं करने या नियमों का उल्लंघन करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि त्योहार के दौरान मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।
