Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

2 करोड़ 33 लाख आया घर का बिजली बिल, करोड़ों का बिल देखकर युवक के होश फाख्ता


बिहार की राजधानी पटना में बिजली विभाग की बिलिंग व्यवस्था से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आलमगंज थाना क्षेत्र के गुलजारबाग स्थित जय हिंद गली के रहने वाले घरेलू बिजली उपभोक्ता कृष्णा प्रसाद सिंह के बिजली खाते में अचानक 2 करोड़ 33 लाख 24 हजार 112 रुपये का बिल दिखाई देने लगा। करोड़ों रुपये का बिजली बिल देखकर कृष्णा प्रसाद सिंह को जोर का झटका लगा और वह अचानक गिर पड़े। घरवालों ने उन्हें पानी के छींटे मारकर उठाया और दवा खिलाई।

कृष्णा प्रसाद सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने घर के लिए घरेलू बिजली कनेक्शन ले रखा है। 30 सितंबर 2026 को जब उन्होंने अपने बिजली बिल और खाते की जानकारी देखी तो वह हैरान रह गए। उनके खाते में अचानक 2,33,24,112 रुपये की राशि दिखाई दे रही थी। उनका कहना है कि घरेलू बिजली कनेक्शन पर इतनी बड़ी रकम का बिल देखकर उन्हें समझ में नहीं आया कि आखिर इतनी बड़ी राशि किस आधार पर उनके खाते में जोड़ दी गई।

उपभोक्ता के मुताबिक, इससे पहले उनके मोबाइल पर बिजली खाते में महज 206 रुपये का बैलेंस दिखाई दे रहा था। अचानक करोड़ों रुपये का बिल देखकर वह मानसिक रूप से परेशान हो गए और बिल देखते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने तत्काल उन्हें संभाला और पानी डालकर उठाया। इसके बाद दवा भी दी गई।

कृष्णा प्रसाद सिंह ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की गलती बेहद गंभीर है। उन्होंने कहा कि एक आम घरेलू उपभोक्ता के खाते में अचानक करोड़ों रुपये का बिजली बिल पहुंच जाना बड़ी लापरवाही है। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही किसी व्यक्ति की जान पर भी भारी पड़ सकती है। बिजली बिल में अचानक इतनी बड़ी राशि देखकर कोई भी व्यक्ति घबरा सकता है।

मामले को लेकर कृष्णा प्रसाद सिंह ने अपने बेटे को बिजली विभाग के कार्यालय भेजा। वहां विभाग के बाबू ने बिल में गलती होने की बात बताते हुए आश्वासन दिया कि इसे जल्द ठीक कर दिया जाएगा। विभाग की ओर से मिले आश्वासन के बाद परिवार को कुछ राहत मिली, लेकिन करोड़ों रुपये के बिल की वजह से परिवार में काफी देर तक चिंता बनी रही। राहत की बात ये है कि विभाग ने बिजली बिल में सुधार कर दिया है। सुधार के बाद उपभोक्ता के बिजली खाते में अब 333 रुपये 45 पैसे का बैलेंस दिखाई दे रहा है। करोड़ों रुपये का बिल घटकर वास्तविक खाते की राशि सामने आने के बाद कृष्णा प्रसाद सिंह और उनके परिवार ने राहत की सांस ली।

इस पूरे मामले ने बिजली बिल तैयार करने और उपभोक्ता के खाते में राशि दर्ज होने की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि विभाग की ओर से गलती को सुधार दिया गया है, लेकिन उपभोक्ता का कहना है कि भविष्य में ऐसी तकनीकी या बिलिंग संबंधी गड़बड़ी किसी दूसरे उपभोक्ता के साथ न हो, इसके लिए विभाग को व्यवस्था की जांच करनी चाहिए। करोड़ों रुपये का बिल कुछ घंटों के लिए ही सही, लेकिन किसी आम इंसान को सदमा पहुंचा सकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |