अजय देवगन का दावा! 'दृश्यम 2' को मात दे देगी 'दृश्यम 3'
October 01, 2026
अभिषेक पाठक की डायरेक्ट की हुई फिल्म ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ इस साल की मच अवेटेड फिल्मों में से एक है. इसमें अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं. फिल्म को लेकर रिलीज से पहले काफी माहौल बन चुका है और ये एडवांस बुकिंग में भी धमाकेदार परफॉर्म कर रही है. इन सबके बीच अजय देवगन ने कहा है कि ‘दृश्यम 3’ उनकी ‘दृश्यम 2’ से ज्यादा बेहतर है.
दअसल अजय देवगन मुंबई में FICCI फ्रेम्स 2026 के एक पैनल में शामिल हुए थे. इस दौरान एक्टर ने अपनी इस फिल्म के बारे में बात की और बताया कि उन्होंने मंगलवार को इसकी स्क्रीनिंग देखी. उन्होंने कहा कि यह ‘दृश्यम 2’ से भी बेहतर है. फिल्म के बारे में बात करते हुए अजय ने इसके बनने के तरीके पर खुशी जताई, उन्होंने कहा, "जिस तरह से स्क्रिप्ट और फिल्म तैयार हुई है, मुझे लगता है कि हमें यहीं रुक जाना चाहिए. मैंने कल (मंगलवार) फिल्म देखी और मेरी निजी राय है कि यह 'दृश्यम 2' से बेहतर है. तो, उम्मीद है सब अच्छा होगा!"
इस दौरान अजय ने ये भी बताया कि फ्रैंचाइजी क्यों खत्म हो रही है और कहा, "यह कहानी का अंत है, आपको इंतजार करना होगा और देखना होगा कि विजय सलगांवकर पुलिस को हरा पाते हैं या खुद हार जाते हैं, यह अंत इसलिए है क्योंकि 'दृश्यम' जैसी फ़िल्म की कहानी लिखना बहुत मुश्किल है. हम इसे एक शानदार मोड़ पर खत्म करना चाहते हैं. और जिस तरह से फ़िल्म और उसकी स्क्रिप्ट तैयार हुई है, मुझे लगता है कि हमें इसे यहीं रोक देना चाहिए. "
अजय ने माना कि 'दृश्यम' जैसी मर्डर मिस्ट्री का सीक्वल बनाना मुश्किल होता है क्योंकि इसमें गुंजाइश कम होती है. जब उनसे पूछा गया कि क्या इस फ्रैंचाइजी को खत्म करने के फ़ैसले को लेकर कोई मतभेद था, तो अजय ने साफ़ कहा, "बिल्कुल नहीं. कभी कोई मतभेद नहीं हुआ. देखिए, जब आप 'दृश्यम' जैसी फ़िल्म का सीक्वल बनाना चाहते हैं, तो उसे लिखना आसान नहीं होता. जैसा कि मैंने कहा, कहानी को... देखिए, आप सीमित होते हैं. लेखक सीमित होते हैं, निर्देशक सीमित होते हैं. आपको कहानी को वहीं से आगे बढ़ाना होता है जहां वह खत्म हुई थी.
आप किसी नई मर्डर मिस्ट्री में नहीं जा सकते, या ऐसा नहीं दिखा सकते कि वे किसी नई सिचुएशन में फंस गए हैं. ऐसा कभी नहीं होता. आप आगे बढ़ रहे होते हैं. इसलिए इसे लिखना आसान नहीं होता. जब आपको कोई आइडिया मिलता है और आप सोचने लगते हैं कि ठीक है, यह बहुत दिलचस्प हो सकता है; यह 'दृश्यम' बन सकती है. और यहीं से आप काम शुरू करते हैं. और मुझे लगता है कि निर्देशक और लेखकों ने यहीं से काम शुरू किया था."
बता दें कि अजय देवगन स्टारर ये फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है. ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त ओपनिंग के लिए तैयार दिख रही है। Sacnilk के अनुसार, एडवांस बुकिंग से ही इसने ओपनिंग डे के लिए 19 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर डाली है.
