देवदत्त पडिक्कल 199 पर आउट, अंपायर के कारण 'डबल सेंचुरी' से चूके
October 26, 2026
न्यूजीलैंड ए के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट मैच में देवदत्त पडिक्कल खराब अंपायरिंग का शिकार बन गए. पडिक्कल इतने बदकिस्मत रहे कि अंपायर ने उन्हें 199 के स्कोर पर आउट करार दिया. उनका विकेट विवादों में घिर गया है, क्योंकि पडिक्कल अंपायर के फैसले से हैरान रह गए थे. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. बता दें कि इंडिया ए की कुल बढ़त 200 के पार जा चुकी है.
यह मामला इंडिया ए की दूसरी पारी के 89वें ओवर का है. देवदत्त पडिक्कल 199 रन बना चुके थे. ओवर की पांचवीं गेंद शॉर्ट लेंथ और लेग स्टम्प की लाइन में आई. पडिक्कल ने गेंद को हल्का पुश करने का प्रयास किया, लेकिन वह सीधी विकेटकीपर के हाथों में चली गई. न्यूजीलैंड ए के गेंदबाजों ने अपील कर दी, जिसके बाद अंपायर ने उंगली उठा दी. पडिक्कल को विश्वास था कि गेंद उनके बल्ले से नहीं लगी है, इसलिए जब अंपायर ने उंगली उठाई तो वह हैरान रह गए.
क्रिकेट में खिलाड़ियों के पास अंपायर के फैसले का विरोध जताने के लिए DRS लेने का विकल्प होता है. फिर 199 पर होते हुए भी देवदत्त पडिक्कल ने रिव्यू का इशारा क्यों नहीं किया. दरअसल इंडिया ए और न्यूजीलैंड ए के बीच अनऑफिशियल टेस्ट मैच खेला जा रहा है. अनऑफिशियल मैचों में डीआरएस का नियम नहीं होता है, इसलिए पडिक्कल को ना चाहते हुए भी अंपायर का फैसला स्वीकार करना पड़ा.
देवदत्त पडिक्कल के लिए यह इंडिया ए के लिए बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. वह केवल एक रन से दोहरा शतक लगाने से चूक गए. मगर उनके 199 रनों की बदौलत इंडिया ए ने काफी अच्छी बढ़त बना ली है.
इंडिया ए की पहली पारी महज 113 रनों पर सिमट गई थी, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड ए ने 317 रनों का स्कोर खड़ा करते हुए 204 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली थी. दूसरी पारी में भी टीम इंडिया ने पहले 2 विकेट महज 10 के स्कोर तक गंवा दिए थे. मगर उसके बाद देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन ने 215 रनों की पार्टनरशिप करके टीम इंडिया को संभाला और पारी की हार से दूर ले जाने का काम किया. सुदर्शन ने 91 रन बनाए. इसी बीच पडिक्कल ने यश राठौड़ के साथ मिलकर 142 रनों की पार्टनरशिप की.
