कुंडा/प्रतापगढ़। प्रेम प्रसंग में एक युवक इस कदर बेचैन हुआ कि अपनी जान की परवाह किए बिना करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। ऊपर से वह लड़की को बुलाने की जिद पर अड़ गया। युवक की इस हरकत से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाया, जिसके बाद युवक टावर से नीचे उतरा।
मामला संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र का है। कुसेमर गांव निवासी कपिल पटेल शुक्रवार सुबह करीब सात बजे कुसेमर और हिसामपुर के बीच स्थित हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक का कहना था कि लड़की उससे मिलने आएगी, तभी वह नीचे उतरेगा। करीब 150 फीट की ऊंचाई पर युवक को देखकर ग्रामीणों की सांसें अटक गईं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
बताया जाता है कि करीब एक महीने पहले युवक का एक नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया था। इस संबंध में लालगंज थाने में मुकदमा दर्ज है। शुक्रवार सुबह युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया। सूचना पर पहुंचे एसओ संग्रामगढ़ सिद्धार्थ सिंह ने युवक को समझा-बुझाकर नीचे उतरने के लिए राजी किया। पुलिस के प्रयास से युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
