बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अभय नारायण राय एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुजीत कुमार यादव ने जिला अस्पताल के परिसर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शपथ कार्यक्रम और जन जागरूकता रैली निकाली गयी। इस रैली को जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा की अस्वच्छता हर बीमारियों का जड़ है। साफ- सफाई और स्वच्छता को जीवन में उतारकर हम हर बीमारी को दूर कर सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा धिकारी डॉ. अभय नारायण राय ने कहा कि जिलाधिकारी महोदय द्वारा दिये गए निर्देश साफ-सफाई और स्वच्छता के बारे मे जानकारी समाज के अंतिम ब्यक्ति तक इस संदेश को पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के लक्षण युक्त मरीजों को चिन्हित करने पर जोर रहेगा। वेक्टर बॉर्न के नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि 12 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चलने वाले दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्त्ता और आगंनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया, जेई, एईएस, आईएलआई (इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस), से बचाव आदि संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी। बुखार के रोगियों की सूची आईएलआई रोगियों की सूची, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची, फाइलेरिया, कालाजार, कुष्ठ रोग के लक्षण वाले व्यक्तियों और कुपोषित बच्चों का नाम, पता, मोबाइल नंबर सहित सम्पूर्ण विवरण ईदृकवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। इसके साथ ही क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया गया हो सूची तैयार कर सम्पूर्ण विवरण ई- कवच पोर्टल पर अपलोड करेगी। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग,दिव्यांग जन कल्याण विभाग,कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित अन्य विभाग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के साथ ही सहयोगी विभागों के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी तथा सहयोगी संस्थाओ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
