Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बलियाः यूपी में मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित, 12 नवंबर को प्रकाशित होगा आलेख्य! एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होगा विशेष संक्षिप्त


पुनरीक्षण 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज कराए जा सकेंगे दावे और आपत्तियां, चार जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

बलिया। उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण कराया जाएगा। इस प्रक्रिया के तहत मतदेय स्थलों का संभाजन एवं पुनर्गठन दो नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा, जबकि एकीकृत निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुरूप पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में मतदाता सूची से संबंधित निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन और आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी।

प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर चार जनवरी 2027 को विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ राज्य और जिला स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न कराते हुए प्रदेश की मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |