बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने विकास भवन के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षणय सहकारिता विभाग के अधिकारी अनुपस्थित मिलने पर शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश, चुनाव के मद्देनजर पीआरडी जवानों की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा।
बलिया। सरकारी कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली तथा विभागीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में सहकारिता विभाग के अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों में पहुंचकर कार्यों की स्थिति देखी और अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति गंभीर रहने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों में समय से उपस्थित होना और आम जनता से जुड़े मामलों का निर्धारित समय में निस्तारण करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने प्रांतीय पीआरडी कार्यालय का भी निरीक्षण किया। आगामी चुनाव को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीआरडी जवानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान आवश्यकता के अनुरूप जवानों की तैनाती के लिए पहले से तैयारी पूरी रखी जाए, ताकि ऐन मौके पर किसी तरह की परेशानी न हो।
डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे हर हाल में अपने कार्यालय में उपस्थित रहें और विभागीय कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यालय से अनुपस्थित रहने या कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी गुलशन जी, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
