प्रतापगढ़। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी आशीष द्विवेदी ने शनिवार को बताया है कि वित्तीय वर्षध्शैक्षिक सत्र 2026-27 में दशमोत्तर (कक्षा 11-12 को छोड़कर) छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अन्तर्गत ऑनलाइन आवेदन एवं वितरण की संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है। उन्होने बताया है कि प्रदेश में संचालित नवीन शिक्षण संस्थानों को छात्रवृत्ति मास्टर डाटाबेस में सम्मिलित किए जाने की प्रक्रिया 23 अक्टूबर से 05 नवम्बर 2026 तक पूरी की जाएगी। वहीं सम्बन्धित विश्वविद्यालयध्एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा शिक्षण संस्थान की मान्यता, पाठ्यक्रम, पाठ्यक्रम का प्रकार, सीटों की संख्या एवं फीस आदि का ऑनलाइन सत्यापन 23 अक्टूबर से 07 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कक्षा 12 से उच्चतर दशमोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के नवीनीकरण (रिनूवल) के आवेदन की प्रक्रिया 23 अक्टूबर से 13 नवम्बर 2026 तक चलेगी। इस दौरान छात्र ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करेंगे तथा आवेदन का फाइनल प्रिंट आउट प्राप्त कर वांछित संलग्नकों के साथ सम्बन्धित शिक्षण संस्थान में जमा करेंगे। इसी प्रकार नवीन (फ्रेश) छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की अन्तिम तिथि 13 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है। छात्र ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करेंगे और फाइनल प्रिंट आउट आवश्यक अभिलेखों के साथ शिक्षण संस्थान में जमा करेंगे।
उन्होने बताया है कि नवीनीकरण (रिनूवल) के छात्र-छात्राओं के आवेदन का सत्यापन एवं अग्रसारण 15 नवम्बर 2026 तक तथा नवीन (फ्रेश) छात्र-छात्राओं के आवेदन का सत्यापन एवं अग्रसारण 17 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा। संस्थानों द्वारा ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों का अभिलेखों से मिलान कर अपात्र छात्रों के आवेदन निरस्त तथा पात्र छात्रों के आवेदन ऑनलाइन सत्यापित एवं अग्रसारित किए जाएंगे। उन्होने जनपद के सभी सम्बन्धित शिक्षण संस्थानों से कहा है कि वे समय-सारिणी के अनुसार छात्रवृत्ति मास्टर डाटाबेस तैयार करने तथा अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कराया जाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई पात्र छात्र-छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे।
