लखनऊ । राजधानी के फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ का सामना कर रहे परिवारों की मदद के लिए देश के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह की पहल पर राहत अभियान तेज कर दिया गया है। रक्षा मंत्री के निर्देश पर गुरुवार को अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराई गई राशन किट से लदे सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए रवाना किया गया।
महर्षि विद्या मंदिर से सामग्री वाहनों को क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा और रक्षा मंत्री के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उल्लेखनीय है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर 10 हजार परिवारों को सूखा राशन उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसी क्रम में न्यू दाउदनगर, वैष्णवीपुरम, पीली कॉलोनी, दुर्गापुरी, नंदपुरम, कृष्ण लोक सहित विभिन्न जलभराव वाली कॉलोनियों में राशन किट का वितरण शुरू किया गया है।
किट में प्रभावित परिवारों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आटा, चावल, अरहर की दाल, सरसों का तेल, चीनी, अचार, मसाले, आलू, नमक और प्याज समेत सभी आवश्यक खाद्य सामग्री शामिल की गई है।
रवाना करने के अवसर पर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि फैजुल्लागंज के हर जरूरतमंद परिवार तक राहत पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और सेवा भाव से जलभराव वाले क्षेत्रों में मदद पहुंचाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा, ष्माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी का स्पष्ट संदेश है कि संकट की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ा रहना हमारा सामाजिक और नैतिक दायित्व है।
राहत सामग्री रवाना किए जाने के दौरान ओएसडी के.पी. सिंह, विनोद बाजपेयी, मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र मौर्य, पार्षद श्रीमती रश्मि सिंह, प्रदीप शुक्ला, अंकुश बाजपेयी, विजय सिंह, राम शरण सिंह, सुनील सिंह, कृपा शंकर मिश्रा, लवकेश सिंह, अनुराग साहू, प्रवीन गर्ग, श्रेया निगम, सौरभ मिश्रा, दिव्यांशी शुक्ला, पुनीत शुक्ला, सतीश वर्मा सहित अनेक स्थानीय प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
