सोनभद्र। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे दो दिव्यांगजनों की आवागमन संबंधी समस्या का तत्काल समाधान करते हुए उन्हें मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राई साइकिल मिलते ही दोनों की आंखें खुशी से नम हो गईं और उन्होंने शासन व जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
अनपरा निवासी असगर हुसैन तथा घोरावल के भैंसवार निवासी छात्र अजय प्रताप सिंह ने आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। अजय ने बताया कि कॉलेज घर से करीब 15 किलोमीटर दूर होने के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।
जिलाधिकारी के निर्देश पर दोनों को एनटीपीसी के सीएसआर फंड से मोटराइज्ड ट्राई साइकिल उपलब्ध कराई गई। इससे अब वे आत्मनिर्भर होकर अपने दैनिक कार्य कर सकेंगे तथा अजय नियमित रूप से कॉलेज जा सकेंगे। यह भावुक क्षण जनसुनवाई में उपस्थित लोगों को भी भावुक कर गया।
