रॉबर्ट्सगंज (सोनभद्र)। पथरी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की हालत बिगड़ने तथा वाराणसी ले जाते समय मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतका के पति ने निजी अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों पर इलाज में लापरवाही तथा दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कैथी निवासी श्रीनिवास ने जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह अपनी पत्नी रूकमणी को पथरी के इलाज एवं ऑपरेशन के लिए उरमौरा स्थित बनारस पाली हॉस्पिटल अस्पताल में 28 सितंबर को भर्ती कराए थे। आरोप है कि 29 सितंबर को ऑपरेशन के दौरान उनकी पत्नी की हालत बिगड़ गई। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि वाराणसी ले जाते समय उनकी पत्नी की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान हुई कथित चिकित्सकीय लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की जान गई। साथ ही अस्पताल के कुछ कर्मचारियों द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पति ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
उधर, महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की मांग उठ रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से कहा जा रहा है कि कोई लापरवाही नही हुई लगाए जा रहे आरोप असत्य हैं।
