सोनभद्र, 28 सितम्बर 2026। जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बीजपुर क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है।
उत्तर प्रदेश शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश, जिलाधिकारी सोनभद्र, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र तथा उप आबकारी आयुक्त मिर्जापुर के मार्गदर्शन में जिला आबकारी अधिकारी सोनभद्र के नेतृत्व में सोमवार को अभियान चलाया गया। अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 (दुद्धी) रविनंदन ने आबकारी स्टाफ एवं स्थानीय थाना बीजपुर पुलिस के साथ संयुक्त रूप से क्षेत्र के नेमना, डोढहर, बीजपुर स्वीपर बस्ती तथा एनटीपीसी गेट के पीछे स्थित संदिग्ध घरों, स्थलों एवं झुग्गी-झोपड़ियों में सघन छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से लगभग 35 लीटर कच्ची शराब तथा करीब 500 किलोग्राम लहन बरामद किया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त दो भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया गया तथा बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
आबकारी विभाग ने मामले में उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत दो अभियोग पंजीकृत करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध जनपद भर में अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
