रेणुकूट, 10 सितम्बर। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) पहल के तहत ईएसआई अस्पताल, रेणुकूट में मरीजों, उनके परिजनों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए आरओ युक्त वॉटर कूलर तथा 30 स्टील विजिटर चेयर उपलब्ध कराई गईं। इससे अस्पताल आने वाले लोगों को स्वच्छ पेयजल और बेहतर बैठने की सुविधा मिल सकेगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से वरिष्ठ अधिकारी यशवंत कुमार, अनिल झा, सुशील ब्रह्मचारी एवं डॉ. डी.पी. सक्सेना उपस्थित रहे। वहीं ईएसआई अस्पताल की ओर से अधीक्षक डॉ. ए.के. त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में अस्पताल परिसर में आरओ वॉटर कूलर एवं स्टील कुर्सियों का औपचारिक हस्तांतरण किया गया।
अस्पताल प्रशासन ने हिंडाल्को प्रबंधन के इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा प्रतिदिन अस्पताल आने वाले सैकड़ों मरीजों और उनके परिजनों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। स्वच्छ पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था से अस्पताल में आने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा सीएसआर के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता एवं सामुदायिक विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है। ईएसआई अस्पताल में उपलब्ध कराई गई यह सुविधा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, सुविधाजनक एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान हिंडाल्को सीएसआर विभाग से सचिन सिंह, प्रदीप सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
