सोनभद्र, 1 सितम्बर 2026। जनपद में लगातार हो रही भारी वर्षा और विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त तथा मान्यता प्राप्त सभी बोर्डों के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में 2 सितम्बर 2026 (बुधवार) को अवकाश घोषित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जारी आदेश में बताया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं घर से विभागीय कार्यों का संपादन करेंगे। इसमें अपार आईडी, डीबीटी, यू-डायस सहित अन्य आवश्यक विभागीय कार्य शामिल हैं। साथ ही निर्धारित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम पूर्ववत संचालित होते रहेंगे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधनों, प्रधानाध्यापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि खराब मौसम और जलभराव की स्थिति को देखते हुए बच्चों को घरों में सुरक्षित रखें।
