Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा एक्शन! 5 अधिकारी सस्पेंड


दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा एक्शन लिया है। हादसे के बाद लापरवाही को लेकर MCD के 5 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित किए गए अधिकारियों में MCD के डिप्टी कमिश्नर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, सुप्रीटेंडेंट इंजीनियर, अस्सिटेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को लगातार दूसरे दिन घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। वहीं, दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक हरि राम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "बिल्डिंग के मालिक की लापरवाही की वजह से ये घटना हुई है। यह बहुत पुरानी बिल्डिंग थी और बेसमेंट में पानी भरने की वजह से इसके पिलर गिर गए और पूरी इमारत ढह गई।"

यह इमारत रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे मरम्मत कार्य के दौरान ढह गई। इसमें लड़कों का 'पेइंग गेस्ट' (पीजी) आवास था। 5 मंजिला इमारत गिरने से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। युद्ध स्तर पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा, NDRF और DDMA की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। NDRF के IG नरेंद्र बुंदेला ने बताया कि मलबे में फंसे लोगों की निश्चित संख्या की जानकारी अभी नहीं है और बचाव अभियान देर रात तक जारी रह सकता है।

एम्स के मुताबिक, हादसे के बाद 11 लोगों को जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर लाया गया। इनमें से पांच को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीन लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक घायल के एक अंग की सर्जरी की गई, जबकि मामूली रूप से घायल एक व्यक्ति को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |