Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

जन्माष्टमी से पहले मंदिर से लड्डू गोपाल-राधा रानी की मूर्तियां चुराईं


गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में शनि मंदिर का ताला तोड़कर पीतल की मूर्तियां और पूजा का सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल 24 वर्षीय आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर चोरी किया गया करीब ढाई लाख रुपये का सामान बरामद कर लिया। इसमें लड्डू गोपाल और राधा रानी की मूर्तियां भी शामिल है। जन्माष्टमी से एक दिन पहले लड्डू गोपाल की बरामदगी को लेकर पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर की सुबह तिगड़ी गोल चक्कर के पास स्थित शनि मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति मंदिर में रखी पीतल की मूर्तियां और अन्य पूजा सामग्री चोरी कर ले गया। पूरी वारदात मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

मंदिर से जुड़े सूरज शुक्ला की तहरीर पर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल इनपुट जुटाए। पुलिस के मुताबिक, इसी आधार पर कुछ ही घंटों में आरोपी की पहचान कर उसे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश पुत्र बबलू, निवासी गांव काशी, थाना परतापुर, मेरठ, हाल निवासी सेक्टर-123 राधाकुंज कॉलोनी, नोएडा, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लड्डू गोपाल की दो बड़ी पीतल की मूर्तियां, राधा रानी की बड़ी पीतल की मूर्ति, दो छोटी लड्डू गोपाल मूर्तियां, पीतल की बड़ी गदा, तांबे की दो चरण पादुकाएं, तीन पीतल के लोटे, पांच पीतल के दीपक और पूजा की घंटी समेत अन्य सामान बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी की नीयत से सुबह अंधेरे में घूम रहा था। इसी दौरान उसने मंदिर का ताला तोड़कर सामान चोरी किया और उसे बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, NDPS Act और पॉक्सो एक्ट से संबंधित मुकदमों समेत कुल चार अभियोग दर्ज पाए गए हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इसके अलावा, हाल ही में लखनऊ के प्रसिद्ध बुद्धेश्वर मंदिर से आस्था को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया था। मंदिर की व्यवस्थाओं को संभालने वाला एक सेवादार ही मंदिर से चुपके-चुपके बेशकीमती घंटे चोरी कर रहा था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |