इंदरगढ़/ कन्नौज। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के अंतर्गत रविवार को मेरा युवा भारत कन्नौज युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा देवकान्ती गार्डन, इंदरगढ़ मे “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत दृ राष्ट्रीय संकल्प समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ जिम्मेदार एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ब्रह्माकुमारी तिर्वा की सिस्टर किरण एवं भारती संस्कृति सेवा युवा मंडल के अध्यक्ष मो मुनव्वर द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा स्वामी विवेकानंद के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने उपस्थित युवाओं को “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के उद्देश्यों एवं महत्व की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहते हुए अपने परिवार, मित्रों एवं समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। मेरा युवा भारत के माध्यम से युवाओं को जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम मे ब्रह्माकुमारी तिर्वा से उपस्थित सिस्टर किरण ने युवाओं से संवाद करते हुए नशे के कारण व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे मे जागरूक किया। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक सोच आत्मअनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति यदि अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाए तो समाज मे व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है।
इस दौरान उपस्थित सभी युवाओं को नशा मुक्त युवा संकल्प की शपथ दिलाई गई। युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। मेरा भारत की आधिकारिक नशा-मुक्त संकल्प सामग्री भी नशीले एवं हानिकारक पदार्थों से दूर रहने तथा दूसरों को जागरूक करने की प्रतिबद्धता पर केंद्रित है।
कार्यक्रम मे युवाओं की रचनात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता मे युवाओं ने नशामुक्त समाज के संदेश को प्रभावी एवं रचनात्मक शब्दों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता मे जीशान ने प्रथम अंशिका दुबे ने द्वितीय तथा प्राची ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को कार्यक्रम मे स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण मे हस्ताक्षर अभियान चलाया गया जिसमें उपस्थित युवाओं ने नशामुक्त भारत के संकल्प के समर्थन मे हस्ताक्षर किए। इस गतिविधि के माध्यम से युवाओं ने नशे के विरुद्ध सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को अभियान से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों एवं नियमित जनजागरूकता कार्यक्रमों मे सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया गया। मेरा युवा भारत के आधिकारिक मंच के अनुसार “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान युवाओं को जागरूकता, रचनात्मक गतिविधियों और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से नशामुक्त एवं स्वस्थ भारत के निर्माण से जोड़ने पर केंद्रित है।
कार्यक्रम मे उमर्दा विकासखंड के मेरा युवा भारत स्वयंसेवक विजय नीलेश अस्मित सहित अन्य युवा स्वयंसेवकों एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन के माध्यम से कन्नौज के युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
