Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अमेठीः एक साल में आधी हुई उर्मिला की सूजन! एमएमडीपी प्रशिक्षण कार्यक्रम में फाइलेरिया प्रभावित अंगों की देखभाल का मिला हुनर


अमेठी। “मैंने पिछले साल फाइलेरिया प्रभावित अंगों की देखभाल का प्रशिक्षण लिया था और मुझे रुग्णता प्रबंधन और दिव्यांगता उपचार (एमएमडीपी) किट मिली थी। मैंने एक साल तक अपने अंगों की देखभाल और नियमित व्यायाम किया। अब मेरी सूजन पहले की अपेक्षा आधी रह गई है।” यह कहना है मुसाफिरखाना ब्लॉक के अनखरा गांव की निवासी, पेशेंट स्टेकहोल्डर प्लेटफॉर्म की सदस्य 55 वर्षीय उर्मिला का। उन्होंने यह बातें मंगलवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अनखरा में आयोजित एमएमडीपी प्रशिक्षण के अवसर पर कहीं। उर्मिला पिछले 15 सालों से फाइलेरिया से पीड़ित हैं। उन्हें तीसरी श्रेणी की सूजन थी, जो नियमित देखभाल और व्यायाम के बाद अब दूसरी श्रेणी की हो गई है।राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में फाइलेरिया बीमारी, इसके लक्षण, बचाव, प्रभावित अंग की देखभाल एवं साफ-सफाई तथा व्यायाम के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही 25 फाइलेरिया रोगियों को एमएमडीपी किट वितरित की गईं। एमएमडीपी किट में बाल्टी, साबुन, तौलिया आदि चीजें शामिल थीं।प्रशिक्षण कार्यक्रम में बोलते हुए बेसिक हेल्थ वर्कर दुर्गेश ने बताया कि फाइलेरिया एक लाइलाज बीमारी है, जो संक्रमित मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से होती है। इसके लक्षण मच्छर के काटने के 5 से 10 साल बाद दिखाई दे सकते हैं। यह शरीर के लटकने वाले अंगों जैसे हाथ, पैर, महिलाओं के स्तन और पुरुषों के अंडकोष को प्रभावित करता है। इसके साथ ही काइलूरिया (धातु रोग) और ट्रॉपिकल स्नोफिलिया भी इसके लक्षणों में शामिल हैं। इस बीमारी से बचाव के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करना चाहिए और सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के तहत साल में एक बार फाइलेरिया से बचाव की दवा जरूर खानी चाहिए। प्रभावित अंगों की साफ-सफाई के बारे में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) ने बताया कि फाइलेरिया प्रभावित अंगों की दिन में दो बार, सुबह और शाम, साफ-सफाई करनी चाहिए। इससे किसी भी प्रकार के बाह्य संक्रमण का खतरा नहीं होगा और एक्यूट अटैक का खतरा भी कम होगा। इसके साथ ही नियमित देखभाल से सूजन में धीरे-धीरे कमी आएगी। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान व्यायाम करके भी दिखाया। सीएचओ ने बताया कि जब कभी एक्यूट अटैक आए तो व्यायाम नहीं करना चाहिए। ऐसी स्थिति में सूती कपड़े को पानी में भिगोकर प्रभावित अंग के चारों तरफ कई बार लपेटना चाहिए, जिससे जलन कम होगी। जब तक तबीयत खराब हो, तब तक व्यायाम बंद रखना चाहिए और ठीक होने के बाद दोबारा व्यायाम शुरू करना चाहिए। उन्होंने बताया कि नियमित देखभाल और सही तरीके से व्यायाम करने से सूजन को कम किया जा सकता है। उन्होंने फाइलेरिया प्रभावित अंगों की देखभाल के लिए एमएमडीपी किट का नियमित उपयोग करने की सलाह दी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |