64 दानदाताओं ने जुटाए 36,540 रुपये समाजसेवी आनंद पांडेय एवं अन्य मददगारों की मदद से पक्के मकान के निर्माण की रखी गई नींव
प्रतापगढ़/बाबागंज।बाबागंज के रायगढ़-कुटलिया गांव निवासी कैंसर पीड़ित लालता प्रसाद पांडेय का कच्चा मकान मूसलाधार बारिश में ढह गया। मकान गिरने से परिवार के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया। परिवार को अभी तक आवास योजना का लाभ भी नहीं मिल सका था। ऐसे में विपत्ति की इस घड़ी में समाज के लोगों ने आगे बढ़कर परिवार की मदद की।
पीड़ित परिवार की स्थिति की जानकारी होने पर विप्र सेवा सुरक्षा एवं एकता मंच की ओर से सहयोग अभियान चलाया गया। अभियान में 64 लोगों ने अपनी -अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग किया और कुल 36,540 रुपये की राशि एकत्रित कर परिवार को सौंपी गई। सहयोग करने वालों में जितेंद्र शुक्ल, कृष्ण जी, आदर्श शुक्ला, पंकज शुक्ला, संगम पाण्डेय, शिवम द्विवेदी, आनंद मिश्र, शुभम पाण्डेय, आशीष शुक्ला, कार्तिक तिवारी, धर्मेन्द्र द्विवेदी, विनीत शुक्ला , शिवसागर तिवारी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
परिवार की परेशानी यहीं खत्म नहीं हुई। मकान पूरी तरह ढह जाने के बाद परिवार के सामने स्थायी आवास की जरूरत थी। इसकी जानकारी मिलने पर समाजसेवी आनन्द पाण्डेय और उनकी टीम सहित समाज के कई सारे मददगारों ने परिवार की मदद का जिम्मा उठाया और नया पक्का मकान बनवाने का निर्णय लिया। मंगलवार को विधि-विधान से भूमि पूजन और नींव पूजन कराकर मकान निर्माण की शुरुआत की गई।
इस दौरान परिवार को भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही उनके लिए मजबूत पक्का मकान तैयार कराया जाएगा। साथ ही परिवार की बेटी के विवाह में भी हरसंभव सामाजिक एवं आर्थिक सहयोग करने की बात कही गई।
समाजसेवी आनन्द पाण्डेय ने कहा कि जरूरत के समय किसी परिवार के साथ खड़ा होना समाज की जिम्मेदारी है। इस पहल में क्षेत्र के लोग भी अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।
ग्रामीणों एवं पीड़ित ने विप्र सेवा सुरक्षा एवं एकता मंच और आनन्द पाण्डेय की टीम तथा सभी मददगारों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आपदा के समय समाज के सक्षम लोगों का आगे आना पीड़ित परिवार के लिए बड़ी मदद साबित होता है।
