अमेठीः लगातार बारिश में ढहा कच्चा मकान
September 01, 2026
अमेठी। जनपद अमेठी के विकासखंड भादर अंतर्गत ग्रामसभा त्रिसुंडी में लगातार हो रही बारिश एक परिवार के लिए बड़ी मुसीबत बन गई। बारिश के चलते एक पुराना कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि घटना दिन के समय हुई और मकान के अंदर मौजूद परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।मकान गिरने से परिवार का गृहस्थी का सामान भी प्रभावित हुआ और हजारों रुपये के नुकसान की बात सामने आई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि मकान का जो हिस्सा अभी खड़ा है, वह भी काफी जर्जर हो चुका है और कभी भी गिर सकता है। ऐसे में परिवार भय के माहौल में रहने को मजबूर है। पीड़ित कल्लू साहू ने बताया कि परिवार में छोटे-छोटे बच्चे और बहू हैं। मकान गिरने के बाद उनके सामने सबसे बड़ी समस्या रहने की खड़ी हो गई है। मजबूरी में परिवार कच्ची और जर्जर दीवारों के सहारे चद्दर डालकर रहने को विवश है। उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण बची हुई दीवारें भी कमजोर हो चुकी हैं। परिवार को हर समय इस बात का डर बना रहता है कि कहीं मकान का बचा हुआ हिस्सा भी अचानक न गिर जाए और कोई बड़ी दुर्घटना न हो जाए। पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्हें अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका है। मकान गिरने के बाद परिवार ने शासन और प्रशासन से मामले की जांच कराते हुए आपदा राहत के तहत आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। ऐसे परिवारों का जल्द सर्वे कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षित आवास की व्यवस्था नहीं की गई तो जर्जर दीवारों के कारण कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
