लखनऊः निर्माणाधीन मकान से तार का बंडल चोरी करने वाला किशोर गिरफ्तार
September 08, 2026
आलमबाग। आशियाना पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक किशोर को सोमवार रात्रि गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर जेल भेज दिया है। आशियाना इंस्पेक्टर गजेन्द्र कुमार राय ने बताया कि मानसरोवर योजना में एक निर्माणाधीन मकान से तार के बंडल चोरी करने की घटना को अंजाम दिया गया था। मकान स्वामी मेवालाल सरोज की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर शातिर का तलाश किया जा रहा था। इस घटना के पूर्व दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर की दान पात्र से दान किए किए रुपए भी चोरी हुए थे। विवेचना दौरान प्रकाश में आने पर एक 17 वर्षीय किशोर को सोमवार रात्रि पीडब्ल्यूडी मार्ग बंगला बाजार से हिरासत में लेकर दोनों चोरियों का खुलासा किया गया है। किशोर के पास से चोरी एक बंडल कॉपर का तार और एक बंडल अधजला केबल बरामद हुआ है। बरामद आधार पर दर्ज मुकदमे में धाराओं की बढ़ोत्तरी कर किशोर को बाल न्यायालय अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
