भांवरकोल/गाजीपुर। स्थानीय पुलिस ने पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में वांछित बलिया जनपद के नरहीं निवासी आशीष गोंड़ उर्फ बगड़ू को रविवार की सुबह कोटवा नारायणपुर चट्टी से गिरफ्तार कर लिया। विधिक कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की मां ने गत जुलाई माह में पुत्री को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही थी।
इसी बीच रविवार की सुबह मुखबिर से मिली सूचना पर उपनिरीक्षक दयाशंकर सिंह पुलिस टीम के साथ बलिया जनपद की सीमा पर स्थित कोटवा नारायणपुर चट्टी पहुंचे। वहां संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपना नाम आशीष गोंड़ उर्फ बगड़ू तथा निवासी नरहीं, जनपद बलिया बताया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।
