लखनऊ। नवाबों के शहर लखनऊ के प्रसिद्ध खान-पान के केंद्र चैक इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चैक स्थित मशहूर श्कोनेश्वर मिल्क स्टोरश् की लस्सी में कथित तौर पर कनखजूरा मिलने का दावा किया जा रहा है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने शहर के स्ट्रीट फूड और मिठाइयों की दुकानों पर मिलने वाले खाद्य पदार्थों की स्वच्छता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक लस्सी का गिलास थामे हुए है और उसमें एक कनखजूरा तैरता हुआ नजर आ रहा है। पीड़ित ग्राहक का आरोप है कि उसने कोनेश्वर मिल्क स्टोर से लस्सी खरीदी थी, लेकिन जैसे ही वह इसे पीने लगा, उसकी नजर गिलास के अंदर पड़े कनखजूरे पर पड़ी। गनीमत यह रही कि ग्राहक ने समय रहते इसे देख लिया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था या जहरीले जीव के कारण उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ सकती थी।
वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को टैग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की नामचीन और पुरानी दुकानों पर भी अगर इस तरह की जानलेवा लापरवाही बरती जाएगी, तो आम जनता किस पर भरोसा करेगी?
इस घटना ने लखनऊ में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने वाली व्यवस्था की पोल खोल दी है। गर्मी और बारिश के मौसम में ऐसे कीट-पतंगों से बचाव के लिए दुकानों पर ढके हुए बर्तनों और साफ-सफाई के कड़े इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे हैं? क्या खाद्य विभाग सिर्फ त्योहारों के आसपास ही सैंपल इकट्ठा करता है, जबकि रोजमर्रा की बिक्री पर कोई निगरानी नहीं होती? पुरानी और लोकप्रिय ब्रांडिंग की आड़ में ग्राहकों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वाली दुकानों पर क्या सख्त कार्रवाई की जाएगी?
घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों और खान-पान के शौकीनों में डर का माहौल है। अब देखना यह होगा कि खाद्य सुरक्षा विभाग इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर दुकान का लाइसेंस निलंबित करने या जांच के लिए सैंपल भरने जैसी कोई ठोस कार्रवाई करता है या नहीं।
