Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रेमिका को बुलाने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा


बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक अपनी प्रेमिका को बुलाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने चेतावनी दी कि अगर उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया गया तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हजारों लोगों की भीड़ जुट गई और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

जानकारी के अनुसार युवक की पहचान राजवाड़ा भगवान गांव निवासी लालू राम के बेटे रिकी कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रिकी कुमार अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से अपनी प्रेमिका को बुलाने की मांग करने लगा। वह बार-बार कहता रहा कि जब तक उसकी प्रेमिका नहीं आएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।

युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने काफी देर तक उसे समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन रिकी अपनी जिद पर अड़ा रहा। प्यार की दीवानगी और जुनून ने उसे कुछ भी सोचने समझने लायक नहीं छोड़ा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुशहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। वहीं किसी बड़े हादसे से बचने के लिए टावर के आसपास के क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी एहतियातन बंद कर दी गई। पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगातार युवक से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन युवक किसी की सुनने को तैयार नहीं है। पिछले कई घंटों से युवक टावर पर टंगा हुआ है। घटना को देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहा और पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। वहीं पुलिस और आसपास के लोग युवक को नीचे उतारने की अलग-अलग तरकीबें सोच रहे हैं। क्योंकि ऐसे मामलों में जरा सी लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |